Breaking News

31 January 2023: दिन की पांच बड़ी ख़बरें 'Top 5 News Of The Day'

 

1. आसाराम को उम्रकैद की सजा

गुजरात के गांधीनगर की एक अदालत ने आसाराम बापू को 2013 के एक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई है। इससे पहले कोर्ट ने सोमवार को आसाराम बापू को दुष्कर्म के मामले में दोषी पाया था। आज कोर्ट ने इस मामले में सजा का एलान किया। बता दें कि आसाराम पर दो बहनों ने साल 2013 में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।

2.  पीएम गति शक्ति जैसी योजनाओं से मिलेगी देश के विकास को रफ्तार



वित्त वर्ष 2022-23 के आर्थिक सर्वेक्षण (Economy Survey 2022-23) के मुताबिक, पीएम गति शक्ति (PM Gati Shakti), नेशनल लॉजिस्टिक पॉलिसी (National Logistics Policy) और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम्स (Production-Linked Incentives Schemes) जैसी योजनाओं से देश की आर्थिक गति को बड़ा सहारा मिलेगा।

3. एअर इंडिया पेशाब कांड में शंकर मिश्रा को जमानत

एअर इंडिया की फ्लाइट में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने के आरोपी शंकर मिश्रा को जमानत मिल गई है। पटियाला हाउस कोर्ट ने मंगलवार को उसे एक लाख के बेल बॉन्ड पर छोड़ने का आदेश दिया। वह 6 जनवरी से पुलिस कस्टडी में है। जमानत पर फैसला एडिशनल सेशन जज हरज्योत सिंह भल्ला ने सुनाया। कोर्ट ने सोमवार को सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। दिल्ली पुलिस ने मिश्रा पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमानत याचिका का विरोध किया था।

4. महंत राजू दास ने स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर काटने वाले को 21 लाख रुपये इनाम देने का किया ऐलान 

बसपा, बीजेपी और अब एक साल से सपा के साथ राजनीतिक सफर को आगे बढ़ा रहे उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता स्वामी प्रसाद मौर्या (Swami Prasad Maurya) अभी विवादों के घेरे में हैं। बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने रामचरितमानस (Ramcharitmanas Row) पर विवादित टिप्पणी की थी। स्वामी प्रसाद ने बिहार में भड़की आग में फूंक मारकर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक-सामाजिक पटल पर विवाद की रेखा को बढ़ा दिया। उन्हें विरोध का सामना भी करना पड़ा। विरोध के स्वर उनकी अपनी समाजवादी पार्टी के भीतर से भी उठे। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई। बहिष्कार की अपील भी की गई। इसी बीच अयोध्या के एक महंत ने स्वामी प्रसाद के सिर को काटने पर 21 लाख रुपये का इनाम भी रख दिया है। नाम है- महंत राजू दास। वह पहले भी कई मौके पर सिर काटने पर इनाम रख चुके हैं। पठान फिल्म के बेशर्म रंग गाने को लेकर फिल्म के बहिष्कार से एक कदम आगे बढ़कर थिएटर फूंकने की बात भी कह चुके हैं। इतना ही नहीं संपत्ति के विवाद में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।

5. विशाखापत्तनम होगी आंध्र प्रदेश की नई राजधानी, मुख्यमंत्री जगन रेड्डी ने किया ऐलान

आंध्र प्रदेश की नई राजधानी विशाखापत्तनम होगी. मुख्यमंत्री जगन रेड्डी ने नई राजधानी के नाम की घोषणा कर दी हैं. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य की राजधानी को विशाखापत्तनम स्थानांतरित किया जाएगा. मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि वह अपना कार्यालय विशाखापत्तनम में स्थानांतरित करेंगे. 23 अप्रैल, 2015 को आंध्र सरकार ने अमरावती को अपनी राजधानी घोषित किया था. फिर 2020 में, राज्य ने तीन राजधानी शहर बनाने की योजना बनाई. जिनमें अमरावती, विशाखापत्तनम और कुरनूल शामिल थे.

अगर आप United India News की इस प्रस्तुति को पसंद कर रहे हैं, तो हमारे Whatsapp Group से आज ही जुड़ें, Click Here!

कोई टिप्पणी नहीं